जुलाना | हरियाणा के जुलाना कस्बे की नेहरू कॉलोनी बुधवार सुबह गोलियों की आवाज से दहल उठी। मामूली विवाद ने ऐसा रूप लिया कि एक चचेरे भाई ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से दूसरे की जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
घूमने के दौरान हुआ विवाद, घर पहुंचकर चलाई गोली
जानकारी के अनुसार, नेहरू कॉलोनी निवासी 53 वर्षीय सुरेश और उसका चचेरा भाई जगदीश सुबह टहलने के लिए खेतों की ओर गए थे। लौटते वक्त किसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते जगदीश ने घर लौटने के बाद अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से सुरेश पर गोलियां चला दीं। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि सुबह करीब 6:45 बजे पुलिस स्टेशन के पीछे गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में पता चला कि सुरेश की हत्या उसके ही चचेरे भाई जगदीश ने की है। दोनों टहलने गए थे और अन्य लोगों की मौजूदगी में बहस हुई थी।
पुलिस के मुताबिक जगदीश ने सुरेश पर पांच राउंड फायर किए। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। सुरेश के शरीर में पांच गोलियों के निशान पाए गए हैं। शव को जींद के सामान्य अस्पताल भिजवा दिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
पारिवारिक रंजिश बनी जानलेवा
परिजनों ने बताया कि दोनों के बीच पहले भी तनाव रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







