चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)- आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद बीजेपी सरकार द्वारा शंभू बॉर्डर नहीं खोलने के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरा। वे चंडीगढ़ स्थित आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय से प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। उनके साथ प्रदेश महिला विंग से राजकौर गिल, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अनिल रंगा, प्रदेश सह सचिव सुखवीर मालिक और पंचकूला जिला अध्यक्ष रंजीत उप्पल मौजूद रहे।
हाईवे बंद होने से NHAI को हो चुका 108 करोड़ रुपए का नुकसान
अनुराग ढांडा ने कहा कि शंभू बॉर्डर और खनौरी बॉर्डर आज सातवें दिन भी बंद है और पुलिस बल तैनात है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट कहा था कि आप हाईवे को बंद नहीं कर सकते, ट्रैफिक को रेगुलेट कर सकते हो। यदि किसानों को दिल्ली जाना है और केंद्र सरकार से मांग है तो उन्हें जाने दिया जाए।उन्होंने कहा कि किसानों ने शेड रोड के साइड में लगा रखे हैं। इसका मतलब रोड किसानों ने नहीं बल्कि सरकार ने सीमेंटेड ब्लॉक लगाकर बंद किया है। उन्होंने कहा कि इस हाईवे को बंद करने की बजह से अंबाला और प्रदेश के व्यापारी और सामान्य लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। हाईवे बंद होने से एनएचएआई को 108 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। सरकारी वाहनों को डायवर्ट होकर आना पड़ता है जिससे तेल की खपत ज्यादा लगती है और मरीजों को भी आने जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन हाईकोर्ट का आदेश होने के बावजूद भी हरियाणा सरकार इस बात पर अडिग है कि हाईवे को नहीं खोलेंगे।
वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल रंगा ने कहा कि खनौरी बॉर्डर पर पुलिस ने जो बैरिकेडिंग 3,4 महीने पहले लगाई थी वो आज भी वैसे ही है। वहां पर कोर्ट के आदेश की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जहां लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं ट्रांसपोर्ट प्रभावित होने की वजह से फैक्ट्रियों को भी नुकसान हो रहा है।
महिला प्रदेश उपाध्यक्ष राजकौर गिल ने कहा हमने खुद जाकर देखा है कि बॉर्डर को किसानों ने नहीं बल्कि सरकार ने बंद कर रखा है। सरकार किसानों पर अत्या*चार कर रही है। इसलिए आम आदमी की सरकार से मांग है कि किसानों पर जुल्म करना बंद करे और युवा किसान नवदीप जल्बेहड़ा को रिहा करे।







