जींद | हरियाणा के जींद जिले में एक राइस मिल संचालक से करीब 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने सस्ते दामों पर दाल और चावल की आपूर्ति का झांसा देकर रकम वसूल ली, लेकिन न तो माल भेजा और न ही पैसे लौटाए। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई, जिसके आधार पर दिल्ली की एक फर्म समेत पांच लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
पुरानी दिल्ली से आया कॉल, फिर शुरू हुआ ठगी का खेल
नरवाना के उकलाना रोड स्थित गोयल इंडस्ट्रीज के संचालक प्रो. सुभाष गोयल ने बताया कि करीब 11 महीने पहले उन्हें अशोक विहार, दिल्ली निवासी राकेश बंसल का फोन आया। उसने खुद को सप्लायर बताते हुए सस्ते रेट पर चावल और दाल देने की पेशकश की। सुभाष ने रुचि दिखाते हुए मिलने की बात कही, जिसके बाद दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित बारा खंभा रोड पर एक बैठक आयोजित की गई।
दिल्ली में हुई मीटिंग, फर्जी फर्म का किया गया इस्तेमाल
बैठक में खुद को मैसर्ज कल्याणी इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि बताने वाले मयूर शर्मा (निवासी पंजाबी बाग), उनकी पत्नी करिश्मा राणा के पति प्रतीक शर्मा, राकेश बंसल और नरेंद्र राठौर शामिल थे। इन्होंने भरोसा दिलाया कि भुगतान करने के दो दिन के भीतर माल मिल जाएगा।
रकम भेजी, लेकिन माल नहीं पहुंचा
सुभाष गोयल ने बताया कि उन्होंने इन लोगों की बातों पर भरोसा कर 16 अप्रैल 2024 को ₹39 लाख, 7 मई को ₹45 लाख, 24 मई को ₹58 लाख और 7 जून को ₹62 लाख – इस तरह चार किस्तों में कुल ₹2.04 करोड़ रुपये RTGS के माध्यम से मैसर्ज कल्याणी इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
अब तक नहीं मिला माल, केस दर्ज
भुगतान के बाद न तो चावल और दाल की आपूर्ति की गई और न ही रकम लौटाई गई। जब संपर्क किया गया तो टाल-मटोल शुरू हो गई। आखिरकार, सुभाष गोयल ने नरवाना शहर थाने में शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है।







