Home Haryana हरियाणा में 20 जून से बारिश के आसार, माह के अंत तक...

हरियाणा में 20 जून से बारिश के आसार, माह के अंत तक दस्तक देगा मानसून: कृषि विश्वविद्यालय हिसार

239
0

हिसार  | हरियाणा में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और जल्द ही अच्छी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम विशेषज्ञ डॉ. मदन लाल खिचड़ ने बताया कि 20 जून से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की शुरुआत हो सकती है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से प्री-मानसून हवाओं का असर हरियाणा में दिखाई देगा, जिससे 21 से 23 जून तक व्यापक बारिश संभव है।

मानसून का आगमन जल्द

डॉ. खिचड़ ने जानकारी दी कि मानसून मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में पहले ही पहुंच चुका है और हरियाणा में इसके जून के अंतिम सप्ताह में प्रवेश करने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग पहले ही इस बार मानसून के सामान्य से अधिक सक्रिय रहने की बात कह चुका है, जिससे राज्य में अच्छी बारिश की उम्मीद बढ़ गई है।

तापमान में गिरावट, नमी में वृद्धि

मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों अधिकतम तापमान घटकर 34 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है, जबकि वातावरण में नमी का स्तर 80 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। यह मानसूनी बारिश के अनुकूल स्थितियां दर्शाता है।

फसलों के लिए लाभदायक बारिश

अब तक हुई बारिश को किसानों के लिए फायदेमंद बताते हुए डॉ. खिचड़ ने कहा कि आने वाले दिनों की बारिश भी फसलों के लिए लाभदायक रहेगी। खरीफ फसलों की बुवाई और धान की रोपाई के लिए यह मौसम अनुकूल है। जिन क्षेत्रों में अभी तक धान की रोपाई शुरू नहीं हुई है, वहां आगामी कुछ दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए किसान तैयारी कर सकते हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here