सोनीपत | हरियाणा में उभरती मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी की संदिग्ध हालात में मौत से हड़कंप मच गया है। मॉडल का शव रविवार सुबह सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में रिलायंस नहर में बरामद हुआ। नहर में बहते हुए शव को देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। हाथ और छाती पर बने टैटू से मृतका की पहचान हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
घर से शूटिंग पर निकली थी, आखिरी कॉल में दी थी चेतावनी
पुलिस जांच के अनुसार, शीतल मूल रूप से पानीपत की रहने वाली थी और बीते शनिवार वह शूटिंग के लिए घर से निकली थी। उसी दिन उसने अपनी बहन नेहा को कॉल कर बताया कि उसका बॉयफ्रेंड उसके साथ मारपीट कर रहा है और जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा है। कॉल के कुछ समय बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
बॉयफ्रेंड की कार नहर में मिली, लेकिन शीतल नहीं थी
रविवार सुबह दिल्ली पैरलल नहर में एक कार मिली, जिसमें आरोपी युवक सुनील मौजूद था। उसे स्थानीय लोगों ने बाहर निकाल लिया, लेकिन शीतल का कोई पता नहीं चला। बाद में सोनीपत की नहर में उसका शव मिलने के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि मृतका शीतल ही है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला पहले ही दर्ज कर लिया था।
पारिवारिक विवाद और रिश्ते में धोखा!
मॉडल की बहन नेहा ने बताया कि शीतल पिछले 6 महीनों से म्यूजिक वीडियो की शूटिंग कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात करनाल के एक होटल में काम करने वाले सुनील से हुई थी। सुनील ने शादी का झांसा दिया, लेकिन बाद में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है। इसके बाद शीतल ने उससे दूरी बना ली, लेकिन युवक उसका पीछा करता रहा।
आखिरी वीडियो कॉल बना सुराग
नेहा के अनुसार, 14 जून की रात करीब डेढ़ बजे शीतल ने वीडियो कॉल के जरिए बताया था कि वह काम से लौट रही है, लेकिन सुनील उसे जबरन रोक रहा है। उसके साथ मारपीट भी हुई और गर्दन पर चोट के निशान हैं। फिलहाल आरोपी युवक सुनील पानीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस जांच जारी, हत्या की आशंका
पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है, और सुनील से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।







