पानीपत | उत्तर प्रदेश के कैराना क्षेत्र के ममोर गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां हरियाणा के पानीपत जिले के कुराड़ गांव निवासी किसान देवेंद्र देशवाल (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2017 से चल रहा था विवाद, लगातार मिल रही थीं धमकियां
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र ने वर्ष 2017 में ममोर गांव में 10 एकड़ जमीन खरीदी थी। तभी से गांव के कुछ स्थानीय युवकों के साथ उनका विवाद चल रहा था। परिजनों का कहना है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं और गांव न आने की चेतावनी दी जा रही थी। कई बार दोनों पक्षों के बीच तनातनी भी हो चुकी थी।
खेत में पानी देने पहुंचे थे, घात लगाकर किया हमला
सोमवार सुबह देवेंद्र अपने एक साथी के साथ खेत में पानी देने पहुंचे थे। उसी दौरान कुछ युवकों ने उन पर घात लगाकर हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले उनका रास्ता रोका और फिर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां और चाकू से वार किया। हमले में देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम, परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही देवेंद्र के परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को पानीपत सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां देवेंद्र का पोस्टमार्टम किया गया, वहीं घायल का इलाज जारी है। परिवार ने उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि ऐसे मामलों से प्रदेश में कानून-व्यवस्था की सच्चाई सामने आ रही है।
डीएसपी ने की पुष्टि
पानीपत के डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि यह हत्या जमीन विवाद को लेकर हुई है। मृतक कुराड़ गांव का निवासी था और उसने ममोर गांव में खेती के लिए जमीन खरीदी थी। यूपी पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर रही है और मामले की गहन जांच चल रही है।







