Home Haryana हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, धूल भरी हवाओं और बूंदाबांदी से...

हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, धूल भरी हवाओं और बूंदाबांदी से मिली राहत

4
0

हिसार। हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। प्रदेश के कई जिलों में धूल भरी तेज हवाएं चलीं, जबकि एनसीआर क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव के कारण प्रदेश के विभिन्न शहरों में तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग ने रविवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार को सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल समेत कई जिलों में तेज गति से धूल भरी हवाएं चलीं। मेवात जिले में 1.5 एमएम बारिश भी दर्ज की गई। हवाओं की दिशा बदलने के कारण दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट देखने को मिली।

हालांकि मौसम में राहत ज्यादा दिन कायम रहने वाली नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक 25 से 27 मई तक प्रदेश में एक बार फिर भीषण गर्मी और लू का असर बढ़ सकता है। इसके बाद 28 मई की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते 29 और 30 मई को हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में तेज हवाएं, आंधी-अंधड़ और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके अलावा 2 जून को भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश का मौसम लगातार परिवर्तनशील बना रहेगा। तेज हवाओं और हल्की बारिश के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।

प्रदेश में शनिवार को रोहतक सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद सिरसा में 44 डिग्री, हिसार में 42.4 डिग्री, जींद में 42.1 डिग्री, मेवात में 41.9 डिग्री, गुरुग्राम में 41.5 डिग्री और अंबाला में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here