झज्जर | हरियाणा के झज्जर जिले में एक शख्स की बाइक की डिग्गी से पलक झपकते ही तीन लाख रुपये चोरी हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। चोरी करने वाला शख्स अभी तक पकड़ा नहीं गया है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए उसकी तलाश में जुटी है।
क्या है पूरा मामला
झज्जर की आईएनए कॉलोनी निवासी रमेश ने बताया कि वह ग्रामीण बैंक से तीन लाख रुपये निकालकर बाइक की डिग्गी में रखकर ले गया था। इन रुपयों में से डेढ़ लाख रुपये वह पंजाब नेशनल बैंक में जमा कराने गया। वहां कर्मचारी ने पैन कार्ड लाने को कहा, तो वह घर से पैन कार्ड लेकर वापस निकला।
लेकिन बैंक पहुंचने से पहले रमेश एक कपड़े की दुकान पर रुक गया। कपड़ा खरीदने के बाद जब उसने बाइक की डिग्गी खोली तो उसमें रखे रुपये गायब थे। रमेश ने तुरंत डॉयल 112 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना सिटी की टीम मौके पर पहुंची।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम जानकारी
थाना प्रभारी ने बताया कि पास की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक की डिग्गी से पैसे निकालकर दूसरी बाइक से फरार होता दिखा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







