जींद | हरियाणा के जींद में सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम का इस्तेमाल कर पुलिस अधिकारियों पर फोन के माध्यम से दबाव बनाने की कोशिश की। आरोपी ने एसपी कार्यालय के रीडर रामनिवास को फोन कर खुद को गृह मंत्री बताकर एक विशेष काम करवाने का दबाव डाला।
रामनिवास ने मामले की जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को दी। शक के आधार पर कॉल की जांच शुरू की गई और ट्रेस के बाद आरोपी की पहचान सुल्तान के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
राजनीतिक नामों का इस्तेमाल कर करता था ठगी
सिविल लाइन थाना प्रभारी बलजीत सिंह के अनुसार, आरोपी सुल्तान पहले भी कई बार बड़े नेताओं के नाम लेकर अफसरों से संपर्क करता रहा है। वह अशिक्षित और शारीरिक रूप से अक्षम है, लेकिन ठगी करने में माहिर है। उसने पहले भी अलग-अलग नेताओं के नाम पर लोगों को धोखे में रखकर काम निकलवाने की कोशिश की है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।







