Home Haryana गेहूं उठान में देरी को लेकर किसानों का विरोध प्रदर्शन, ठेकेदार को...

गेहूं उठान में देरी को लेकर किसानों का विरोध प्रदर्शन, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग

186
0

कैथल | मंडियों से गेहूं उठान में हो रही देरी के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने सोमवार को कैथल में जोरदार प्रदर्शन किया। यूनियन के युवा प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट विक्रम कसाना के नेतृत्व में सैकड़ों किसान मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे और सरकार व ठेकेदारों के खिलाफ नारेबाजी की।

किसानों का आरोप है कि एक महीने बीत जाने के बावजूद मंडियों से गेहूं नहीं उठाया गया, जिससे न केवल उनकी फसल खराब होने का खतरा है, बल्कि भुगतान भी अटका पड़ा है। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष गुरनाम सिंह फरल और अन्य किसान नेताओं के साथ मिलकर एसडीएम अजय सिंह को जिला उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा गया। किसानों ने उठान में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार का अनुबंध रद्द कर ब्लैकलिस्ट करने की मांग की।

विक्रम कसाना ने कहा, “1 अप्रैल से सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है, लेकिन अभी तक न भुगतान हुआ है और न ही मंडियों से गेहूं उठाया गया है। लगातार हो रही बारिश से फसल के खराब होने का खतरा है, जबकि मज़दूरों को भी काम नहीं मिल पा रहा।”

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एसडीएम अजय सिंह ने प्रदर्शनकारी किसानों को भरोसा दिलाया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि गेहूं उठान का कार्य जल्द शुरू किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here