Home Haryana हरियाणा में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की बड़ी पहल, गुरुग्राम-हिसार में...

हरियाणा में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की बड़ी पहल, गुरुग्राम-हिसार में जैविक मंडी खोलने की घोषणा

258
0

चंडीगढ़ | हरियाणा के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्राकृतिक और जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कई अहम घोषणाएं की हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जैविक उत्पादों के विपणन और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए विशेष मंडियों की स्थापना की जाएगी।

गुरुग्राम और हिसार में खुलेंगी जैविक मंडियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक व जैविक खेती से प्राप्त गेहूं, धान, दालें, फल और सब्जियों के लिए अलग-अलग स्थानों पर विशेष मंडियां स्थापित की जाएंगी। गेहूं, धान जैसे अनाजों के लिए जैविक मंडी गुरुग्राम में और फल-सब्जियों के लिए हिसार में मंडी बनाई जाएगी।

उत्पादों की ब्रांडिंग और जांच को मिलेगा समर्थन

सरकार किसानों को उनके जैविक उत्पादों की ब्रांडिंग व पैकेजिंग के लिए प्रति किसान 20,000 रुपये की आर्थिक मदद देगी। इसके अलावा, उपज की गुणवत्ता की जांच के लिए फ्री लैब सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।

भूमिहीन किसानों को पट्टे पर जमीन

कैथल के पूंडरी खंड में कृषि विभाग की 53 एकड़ जमीन प्राकृतिक खेती के लिए नीलामी के जरिए पट्टे पर दी जाएगी। इसी तरह, हर पंचायत की भूमि का 10% हिस्सा या कम से कम एक एकड़ जमीन प्राकृतिक खेती के लिए आरक्षित की जाएगी, जिसे भूमिहीन किसानों को दिया जाएगा।

देसी गाय की खरीद पर सब्सिडी और ड्रम खरीद में सहायता

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्राकृतिक खेती के लिए देसी गाय खरीदने पर किसानों को 30,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। अब तक 492 किसानों को करीब 1.23 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही, 2500 किसानों को चार ड्रम खरीदने के लिए 75 लाख रुपये की सहायता दी गई है।

कीमत तय करने के लिए समिति गठित होगी

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि किसानों के जैविक उत्पादों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण के तहत एक विशेष समिति का गठन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here