सिरसा। हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री और देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के परिवार से संबंध रखने वाले सूर्य प्रकाश चौटाला ने एमबीए की पढ़ाई के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक पास की है। सूर्य प्रकाश, देवीलाल के पोते और चौधरी रणजीत सिंह चौटाला के पौत्र हैं।
उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी के एमबीए कोर्स में दाखिले के लिए करीब 3200 छात्रों ने प्रवेश परीक्षा दी थी, जिसमें उन्होंने 32वां स्थान हासिल किया। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया।
सूर्य प्रकाश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि परीक्षा चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन उन्होंने लगातार मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी की। उन्होंने कहा, “मेरे पिता चौधरी गगनदीप सिंह चौटाला ने मुझे बीबीए और एमबीए की राह चुनने के लिए प्रेरित किया। मेरा सपना बिजनेस में करियर बनाना है।”
उन्होंने बताया कि बीबीए की पढ़ाई के दौरान उन्हें व्यवसायिक दुनिया की मूलभूत समझ मिली, जिसे अब एमबीए की पढ़ाई से और निखारना चाहते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका फिलहाल राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है और भविष्य में समय आने पर ही कोई निर्णय लेंगे।
इस अवसर पर उनकी बड़ी बहन गायत्री चौटाला ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सूर्य प्रकाश ने कहा कि उनके दादा रणजीत सिंह चौटाला, दादी इंदिरा सिहाग, माता ईशा सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों का भी उन्हें हर कदम पर सहयोग मिला।
साथ ही उन्होंने उन छात्रों को भी प्रोत्साहित किया जो इस बार एमबीए में प्रवेश नहीं ले सके। उन्होंने कहा, “असफलता से घबराएं नहीं, अगली बार और मेहनत करें, सफलता जरूर मिलेगी।”







