पलवल : चन्द्रिका ( TSN)-श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय और महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में लीगल अवेयरनेस और साइबर क्राइम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने मुख्यातिथि के रूप में विद्यार्थियों को महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और आदर्श व्यवहार के विषय में जागरूक किया। जबकि समारोह की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय की कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने जीवन मूल्यों और सामाजिक दायित्वों से अवगत करवाया। वहीं पुलिस साइबर एक्सपर्ट ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से आगाह किया।
साइबर माध्यम से हो रहे अपराधों और यौ*न उत्पीडन के प्रति किया जागरूक
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि एकेडमिक इंजीनियरिंग के साथ-साथ फैमिली इंजीनियरिंग और सोशल इंजीनियरिंग बहुत महत्वपूर्ण है। यदि हम घर और समाज में आदर्श व्यवहार नहीं करते तो हमारी डिग्रियों के कोई मायने नहीं हैं। अभद्र भाषा, बॉडी शेमिंग, अनैतिक व्यवहार और उत्पीडऩ किसी भी सूरत में बर्दाश्त न करें। रेनू भाटिया ने महिला आयोग में बढ़ती जा रही शिकायतों के बारे में विद्यार्थियों के साथ अनुभव सांझा किए। उन्होंने साइबर माध्यम से हो रहे अपराधों और यौ*न उत्पीडन के प्रति भी जागरूक किया। साथ ही कहा कि ऐसी स्थिति में छुपाएं मत सीधा महिला आयोग से संपर्क करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने कहा कि सामाजिक जीवन मूल्य और नैतिक चरित्र हमारे व्यक्तित्व की असली ताकत हैं। हमें हमेशा लैंगिक भेदभाव बिना सबको पूरा सम्मान देना चाहिए। प्रोफेसर ज्योति राणा ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वह आदर्श आचरण से समाज के सामने उदाहरण बनें। उन्होंने अपने इतिहास और ग्रंथों से परिवार के बुजुर्गों से सदाचार सीखने को लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।







