गोहाना | मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को प्रदेशभर में 27 स्थानों पर ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान के तहत प्रेस ब्रीफिंग का आयोजन किया। गोहाना में राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनवाते हुए कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला बोला।
राहुल गांधी पर तंज:
कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान पर प्रतिक्रिया देते हुए किरण चौधरी ने कहा, “राहुल गांधी प्रयत्न कर रहे हैं, उन्हें करना भी चाहिए, लेकिन वे निरीह नजर आते हैं। पर्यवेक्षक भेजने के अलावा कुछ होता नहीं। संगठन में सुनवाई की कमी है, पार्टी के अंदर ही लोग कह रहे हैं कि कोई उनकी बात नहीं सुनता।”
हुड्डा पर गंभीर आरोप:
भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “हुड्डा ने पूरे हरियाणा की जमीन नाप दी थी। जो लोग पहले कांग्रेस के खिलाफ खड़े थे, वे आज उन्हीं के साथ नजर आ रहे हैं। यह पूरी व्यवस्था उन्होंने अपने अनुसार नियंत्रित कर रखी है।”
पुरानी सरकार में पर्ची-खर्ची का दौर:
किरण चौधरी ने कांग्रेस शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा, “पहले खर्ची और पर्ची से काम होते थे। लोग हमारे पास पर्ची लेकर आते थे, और फिर हुड्डा के पास जाकर कहते थे कि हमारे छोरे भी लगवा दो। इस सिस्टम की वजह से कई योग्य युवा नौकरी से वंचित रह गए।”
विपक्ष को बताया कमजोर:
उन्होंने बरोदा के विधायक इंदुराज नरवाल और हुड्डा के बीच कथित ‘सेटिंग’ की ओर इशारा करते हुए कहा कि विपक्ष की भूमिका कमजोर हो चुकी है। “एक मजबूत विपक्ष की जरूरत है, लेकिन यहां पहले ही सब तय हो जाता है,” उन्होंने जोड़ा।







