Home Haryana पलवल में बारिश से पहले नगर परिषद अलर्ट, दो चरणों में होगी...

पलवल में बारिश से पहले नगर परिषद अलर्ट, दो चरणों में होगी नालों की सफाई

1
0
Screenshot

सुंदर कुंडू , पलवल। मानसून के आगमन से पहले पलवल नगर परिषद ने शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। बरसात के दौरान लोगों को जलभराव और जल निकासी की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर परिषद द्वारा शहर के प्रमुख नालों और नालियों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, शहर के कुछ इलाकों में अभी भी नालों में गंदगी और कचरे के ढेर देखे जा सकते हैं।

नगर परिषद की ओर से बरसाती सीजन से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य लगातार कराया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रमुख नालों और नालियों की व्यापक स्तर पर सफाई की जा रही है, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारु रूप से होती रहे और जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

नगर परिषद के चेयरमैन डॉ. यशपाल ने बताया कि सफाई अभियान को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में मानसून से पूर्व शहर के सभी प्रमुख नालों और नालियों की सफाई कराई जा रही है, जबकि दूसरे चरण में बारिश का दौर समाप्त होने के बाद दोबारा सफाई अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद ने बरसाती मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जलभराव संभावित क्षेत्रों की विशेष रूप से पहचान की गई है और वहां अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा, जल निकासी के लिए पंप सेट भी तैयार रखे गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से सफाई कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. यशपाल ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे नालों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा न डालें, ताकि जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो और शहर स्वच्छ एवं सुरक्षित बना रहे। नगर परिषद का लक्ष्य इस वर्ष बरसात के दौरान शहर में जलभराव की समस्या को न्यूनतम करना है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here