अंबाला (अंकुर कपूर): हरियाणा में अब अपराधियों पर पूरी तरह से नकेल कसने के लिए तीसरी आंख से चप्पे-चप्पे पुलिस नजर रखेगी। बता दें कि अंबाला छावनी में आधुनिक तकनीक से लैस व्यवस्था की जा रही है। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के प्रयासों से सुरक्षा स्मार्ट सिटी की तर्ज पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इनेबल और फेशियल रिकॉगनिशन एप्लीकेशन से युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिसके चलते संदिग्ध अपराधियों एवं आतंकियों के चेहरे स्केच एवं फोटो से मेल खाते ही अलर्ट जारी कर देंगे। शहर में 143 लोकेशन पर 485 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जोकि एचडी (हाई डेफिनेशन) नाईट विजिन युक्त होंगे।

इस प्रोजेक्ट को लेकर आज गृह मंत्री अनिल विज ने अपने आवास पर अम्बाला रेंज के आईजी सिबाश कबिराज एवं अम्बाला के एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा से गहन चर्चा की। साथ ही वह जल्द इस कार्य को शुरू करने के दिशा-निर्देश दिए। सीसीटीवी लगाने के प्रोजेक्ट पर विस्तृत चर्चा करते हुए बताया कि जिन जिन लोकेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना है और भविष्य में कैसे यह सीसीटीवी कैमरे अम्बाला छावनी की सुरक्षा में मील का पत्थर साबित होंगे।
कैंट थाने में होगा कंट्रोल रूम, मॉनिटिरिंग एवं रिकार्डिंग की व्यवस्था होगी
पुलिस अधिकारियों ने चर्चा के दौरान गृह मंत्री अनिल विज को बताया कि विभिन्न लोकेशन पर लगने वाले सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम अम्बाला छावनी थाने में होगा। यहां पर पूरी गतिविधियों को कैमरों के जरिए मॉनिटर किया जा सकेगा। यहां रिकार्डिंग की व्यवस्था भी होगी और रिकार्डिंग का बैकअप हार्ड ड्राइव में स्टोर होगा।
सीसीटीवी कैमरों से जुड़ेगी ट्रैफिक लाइट, कैमरा डिटेक्ट करेगा ट्रैफिक
ट्रैफिक लाइट भी सीसीटीवी कैमरों से जुड़ेगी। इसका सीधा फायदा यह होगा कि सेंसर युक्त सीसीटीवी कैमरे ट्रैफिक कम या ज्यादा होने पर उसे ऑटोमेटिक तरीके से डिटेक्ट करेंगे और ट्रैफिक लाइट टाइमर को सेट करेंगे। ट्रैफिक लाइट पर सीसीटीवी कैमरे लगने से नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों पर पैनी निगाह रखी जा सकेगी।
ओवरस्पीड वाहनों पर रहेगी नजर, बेहतर होगी सड़कों पर सुरक्षा
सीसीटीवी कैमरे ओवरस्पीड वाहन चालकों पर भी निगाह रखेंगे और चंडीगढ़ की तर्ज पर यदि कैमरे ओवरस्पीड वाहनों को डिटेक्टड करेंगे। वाहन ओवरस्पीड होने पर चालान भी सीधा रजिस्टर्ड पते पर घर पहुंचेगा। इस प्रोजेक्ट से ओवरस्पीड वाहनों की रफ्तार पर कमी होगी और छावनी में सड़कों पर सुरक्षा और बेहतर होगी।







