सुंदर कुंडू , पलवल। शिक्षा विभाग हरियाणा एवं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में मंगलवार को पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की छात्राओं ने हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान जूडो, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, टेनिस, शतरंज, बेसबॉल, कराटे, नेटबॉल, सॉफ्टबॉल, वुशू, जिम्नास्टिक, बॉक्सिंग, स्विमिंग, शूटिंग, एथलेटिक्स, खो-खो, कुश्ती, फुटबॉल, योगा, कबड्डी और हैंडबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।
जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी (डीपीई) सरोज बाला ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि खेलों में भागीदारी से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी पढ़ाई पर भी पड़ता है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में मौजूद खेल शिक्षकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। आयोजन के दौरान स्टेडियम में खिलाड़ियों और अभिभावकों का उत्साह देखने लायक रहा।
अभिभावकों ने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से खेलों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके कारण बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी और नकद पुरस्कार दिए जाते हैं, जिससे उनका मनोबल बढ़ता है और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं।
योगा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली खिलाड़ी विधि और खुशबू शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पलवल जिले का नाम रोशन करना है। उन्होंने योग को भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है और मानसिक संतुलन भी बना रहता है।
खिलाड़ियों के जोश और प्रतिस्पर्धा के माहौल के बीच आयोजित यह प्रतियोगिता जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।







