चंडीगढ़ | जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में छात्रों पर लाठीचार्ज और अभद्रता की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे शर्मनाक करार देते हुए कहा कि अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ प्रशासन का रवैया पूरी तरह दमनकारी रहा है।
दिग्विजय ने राज्य सरकार से मांग की कि इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और दोषी सुरक्षाकर्मियों व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने यह भी कहा कि केवल प्रतीकात्मक एफआईआर से काम नहीं चलेगा, बल्कि पीड़ित छात्रों को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
जेजेपी नेता ने बताया कि पार्टी छात्रों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कम से कम आईजी स्तर के अधिकारी से करवाई जाए और छात्र आंदोलन से जुड़ी मांगों को गंभीरता से लेकर समाधान के प्रयास हों।
दिग्विजय चौटाला ने बताया कि मंगलवार दोपहर छात्र स्कॉलरशिप और अन्य मुद्दों को लेकर प्रशासन से मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने बातचीत की जगह बल प्रयोग का रास्ता अपनाया। देर रात भी छात्रों पर दोबारा लाठीचार्ज किया गया, जिससे कई छात्र घायल हो गए। उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम छात्रों के भविष्य और उनकी उम्मीदों पर गहरा आघात है।
उन्होंने इसे शिक्षा के मंदिर में की गई क्रूर कार्रवाई बताते हुए कहा कि छात्रों पर इस तरह का बर्ताव न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ भी है।







