सोनीपत | संत कबीर दास जयंती के अवसर पर सोनीपत के गीता भवन चौक पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सांसद कुमारी शैलजा शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल पर गंभीर सवाल उठाए।
शैलजा ने कहा कि 11 साल की केंद्र सरकार की उपलब्धियां जनता के सामने नहीं हैं। उन्होंने रोजगार, महंगाई, किसानों की समस्याएं और शिक्षा व्यवस्था में गिरावट को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, “2 करोड़ रोजगार, एमएसपी गारंटी, नशा नियंत्रण — सब वादे अधूरे हैं। हरियाणा में बेरोजगारी चरम पर है।”
ऑपरेशन सिंदूर और सेना से जुड़े मामलों को लेकर भी उन्होंने केंद्र पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि सरकार जानकारी छिपा रही है और विशेष सत्र तक बुलाने को तैयार नहीं। “सीडीएस को विदेश जाकर बयान देना पड़ रहा है, यह बेहद चिंता का विषय है,” उन्होंने कहा।
राहुल गांधी के चंडीगढ़ दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए शैलजा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया है कि संगठन की मजबूती जरूरी है। उन्होंने ईडी जैसी एजेंसियों के दुरुपयोग और सरकार की अफसरशाही पर भी तीखा हमला बोला।







