भिवानी | लिवरपूल में जारी वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। भारत की स्टार बॉक्सर और अस्ताना वर्ल्ड कप गोल्ड मेडलिस्ट जैस्मिन लांबोरिया ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में ब्राजील की दो बार की ओलंपियन जुसीलन सेर्कुइरा रोमीयू को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
एकतरफा मुकाबले में शानदार जीत
जैस्मिन और रोमीयू का सामना पहले भी अस्ताना फाइनल में हो चुका है, जहां करीबी जंग में जैस्मिन विजयी रही थीं। इस बार लिवरपूल में भारतीय मुक्केबाज ने तीनों राउंड में दबदबा बनाए रखा और 5-0 से आसान जीत दर्ज की। अब वह पदक से सिर्फ एक कदम दूर हैं।
साक्षी और सनमाचा का सफर थमा
महिला 54 किग्रा वर्ग में साक्षी को तुर्की की हतिसे अकबा के खिलाफ 0-5 से हार झेलनी पड़ी, जबकि सनमाचा चानू कजाकिस्तान की नताल्या बोगदानोवा से 0-5 से हारकर बाहर हो गईं।
पुरुष वर्ग में मुकाबले बाकी
अब भारतीय मुक्केबाजों में सचिन (60 किग्रा) कजाकिस्तान के बीबार्स झेक्सेन से भिड़ेंगे, जबकि सुमित (75 किग्रा) का सामना बुल्गारिया के रामी कीवान से होगा।





