चंडीगढ़ | हरियाणा में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण बुधवार को 14 जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि गुरुवार और शुक्रवार को पूरे हरियाणा में बारिश हो सकती है।
आज जिन जिलों में बारिश के आसार हैं, उनमें पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 25 से 50 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है। वहीं कुरुक्षेत्र, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, चरखी दादरी, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जैसे 11 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
तापमान में आई तेजी से गिरावट की उम्मीद
हालांकि बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान में औसतन 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन मौसम के बदले मिजाज के चलते अब तापमान में गिरावट आने की संभावना है। सबसे अधिक उछाल मेवात जिले में देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश के चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट होगी। साथ ही उमस और लू से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।







