उचाना | मंगलवार देर शाम उचाना के रजबाहा रोड पर बाला जी बीज भंडार के सामने बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने अचानक फायरिंग कर दी। गोलीबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन दुकान के मुख्य गेट का शीशा टूट गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
दुकान मालिक सुरेंद्र गर्ग ने बताया कि वह दुकान पर आराम से बैठे थे और किसी से किसी प्रकार का विवाद नहीं था। इसी बीच दो चेहरे ढके युवक बाइक पर आए और दुकान के सामने रुककर दो फायर किए। गोली दुकान के शीशे में लगी और फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। चौकी इंचार्ज राजबीर ने बताया कि पुलिस संदिग्धों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर चुकी है। घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है।







