कैथल | हरियाणा के कैथल जिले के गांव करोड़ा का बेटा गुरमीत जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गया। जैसे ही शहीद की पार्थिव देह बुधवार को गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सेना के वाहन से जब उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया तो “गुरमीत अमर रहे” और “भारत माता की जय” के नारों से माहौल गूंज उठा।
गुरमीत 2017 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और 20वीं बटालियन ग्रेनेडियर रेजिमेंट में तैनात थे। उनका विवाह अभी नहीं हुआ था। परिवार में माता-पिता और बड़े भाई कुलदीप हैं। पिता खेतीबाड़ी करते हैं। बेटे की शहादत से परिवार गमगीन है, लेकिन गर्व भी महसूस कर रहा है।
शहीद का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, प्रशासनिक अधिकारी और सेना के जवान मौजूद रहे। गांववालों ने फूलों की वर्षा और नारों के साथ अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
शहीद के भाई कुलदीप ने कहा, “हमें गर्व है कि हमारा भाई देश के लिए शहीद हुआ। वह हमेशा देशभक्ति को अपना धर्म मानता था और युवाओं को भी प्रेरित करता था।”







