गुरुग्राम | हरियाणा से बड़ी खबर, गुरुग्राम नगर निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कार्य में लापरवाही और दिए गए निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में कनिष्ठ अभियंता रविन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई सेक्टर-15 के गुलमोहर पार्क में लंबे समय से खराब पड़े मोटर पंप की बिजली कनेक्शन न होने की समस्या पर हुई।
निगमायुक्त ने स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया था और कनिष्ठ अभियंता को मोटर पंप दुरुस्त करने तथा बिजली कनेक्शन जल्द से जल्द जोड़ने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके ठोस कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय लोगों को बरसात में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रदीप दहिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निलंबन के साथ-साथ विस्तृत जांच के आदेश भी दिए हैं। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







