Home Haryana कांग्रेस को नायब सैनी के नाम का फोबिया हो गया है :...

कांग्रेस को नायब सैनी के नाम का फोबिया हो गया है : कृष्ण बेदी

5
0
Screenshot

अंकुर कपूर, अंबाला। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने अंबाला के साहा में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बचाव किया। कांग्रेस सांसद वरुण मुलाना की मुख्यमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए बेदी ने कहा कि कांग्रेस को नायब सैनी के नाम का फोबिया हो गया है और उसे लंबे समय तक इससे जूझना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नायब सैनी जनता के समर्थन से मुख्यमंत्री बने हैं और उनके नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाने में सफल रही है।

कांग्रेस सांसद वरुण मुलाना द्वारा साहा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कृष्ण बेदी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को विरोध प्रदर्शन करने के बजाय विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब क्षेत्र में विकास कार्यों की बात आती है तो विधायक और सांसद दिखाई नहीं देते, लेकिन पुतले फूंकने के लिए पहुंच जाते हैं। बेदी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनता के बीच अपनी सक्रियता का हिसाब देना चाहिए।

चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर मंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया पर संदेह है तो उसके नेता अपने पदों से इस्तीफा देकर दोबारा चुनाव लड़कर देख लें। उन्होंने कहा कि जनता ने भारी बहुमत देकर मौजूदा सरकार को चुना है और कांग्रेस को जनादेश का सम्मान करना चाहिए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बार-बार बाहर रहने को लेकर वरुण मुलाना की टिप्पणी पर बेदी ने कहा कि नायब सैनी आम जनता के नेता हैं और अपने काम के दम पर मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने वरुण मुलाना और पूजा मुलाना पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपनी राजनीतिक पहचान के लिए परिवार के नाम पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।

कृष्ण बेदी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी कटाक्ष करते हुए कांग्रेस की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के भीतर गुटबाजी और आपसी मतभेद बढ़ रहे हैं, जिसके कारण कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है। बेदी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को आपसी आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here