चरखी दादरी | एमसी कॉलोनी निवासी एक रिटायर्ड रोडवेज कर्मचारी रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया है। उसकी पत्नी ने सिटी थाना पुलिस को शिकायत देकर पति की तलाश की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, लापता व्यक्ति की पत्नी माया ने बताया कि वह एमसी कॉलोनी, चरखी दादरी की स्थाई निवासी हैं और उनका पैतृक गांव बलाली है। उनका 63 वर्षीय पति ओमप्रकाश रोडवेज विभाग से सेवानिवृत्त है और पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे हैं।
माया ने बताया कि 19 मई को वह और उनके पति बलाली गांव जाने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में उनके पति उनसे कुछ कदम आगे चल रहे थे। जब वह मेजबान चौक के पास पहुंचीं तो देखा कि ओमप्रकाश किसी बस में सवार हो चुके हैं। वह पीछे-पीछे बस स्टैंड पहुंचीं, लेकिन तब तक उनका कोई पता नहीं चला।
माया ने स्वयं काफी तलाश की, लेकिन पति का कोई सुराग नहीं लगा। अब उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है।







