रेवाड़ी | रेवाड़ी-दिल्ली रोड पर गांव हांसका के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक कंपनी की बस और कार के बीच आमने-सामने की टक्कर में कार चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उसकी मां और दो वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के उड़े परखच्चे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धारूहेड़ा की ओर से आ रही एक कंपनी की बस और सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार की टक्कर गांव हांसका के पास हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। बस को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। घायल युवक, उसकी मां और मासूम बच्ची को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। महिला और बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गुरुग्राम के पथरेड़ी गांव के रहने वाले थे पीड़ित
बताया जा रहा है कि हादसे में घायल परिवार गुरुग्राम जिले के पथरेड़ी गांव का रहने वाला है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक ने एक अन्य वाहन को टक्कर से बचाने की कोशिश में नियंत्रण खो दिया, जिससे हादसा हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हादसे को लेकर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







