फरीदाबाद | फरीदाबाद के सेक्टर-58 इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां चार युवकों ने मिलकर अपने ही दोस्त की नृशंस तरीके से हत्या कर दी। मृतक की पहचान संजय कॉलोनी निवासी मनोज चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में 24 घंटे के भीतर चारों आरोपियों – अतिंदर, कार्तिक, संदीप और राहुल – को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को अदालत में पेश कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
मृतक के भाई आनंद चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 मई को मनोज शादी समारोह में गया था। अगले दिन सुबह चारों दोस्त उसे बेहोशी की हालत में घर छोड़ गए और बताया कि उसने अत्यधिक शराब पी ली है। कुछ देर बाद जब परिजनों ने उसे होश में लाने के लिए पानी डाला, तो वह दर्द से कराहने लगा और बताया कि उसके दोस्तों ने फार्महाउस पर उसके गुप्तांग में पानी की पाइप डालकर सबमर्सिबल पंप चालू कर दिया।
गंभीर हालत में मनोज को बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल और फिर एम्स ट्रॉमा सेंटर दिल्ली में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 19 मई की रात उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच में सामने आया कि आंतरिक अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे।
फरीदाबाद पुलिस ने पुष्टि की है कि यह हत्या पूर्व नियोजित और अत्यंत क्रूर थी। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।







