करनाल | करनाल के जुंडला गेट इलाके में एक धार्मिक स्थल की दीवार पर कोयले से जान से मारने की धमकी देते हुए 50 लाख रुपए की फिरौती मांगे जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने दीवार पर लिखी धमकी भरी बातें देखीं और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
दीवार पर लिखा गया था कि “यह प्लॉट 1 करोड़ का है, 50 लाख दो, अबकी बार लड़ाई नहीं, मौत होगी।” इसके अलावा, जमीन से जुड़े विवादों और अन्य आपत्तिजनक बातें भी दीवार पर कोयले से उकेरी गई थीं।
थाना शहर पुलिस के अनुसार, मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है और फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने धार्मिक स्थल की दीवार का उपयोग धमकी देने और फिरौती मांगने के लिए किया है।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि दीवार पर लिखे आपत्तिजनक शब्दों को मिटा दिया गया है और इलाके में रहने वालों से पूछताछ कर सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।







