पंचकूला | हरियाणा के यमुनानगर जिले में तैनात होमगार्ड सुमीत को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) पंचकूला की टीम ने 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस चौकी रणजीतपुर में तैनात सिपाही लोकेश (मुंशी) के कहने पर शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
इस संबंध में अभियोग संख्या 4, दिनांक 17 मई 2025 को धारा 7, पीसी एक्ट 1988 के तहत केस दर्ज किया गया है। जबकि सिपाही लोकेश इस समय फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
क्या है मामला?
शिकायतकर्ता ने ACB को दी शिकायत में बताया कि एक माह पूर्व माइनिंग विभाग द्वारा उसकी गाड़ी (HR 58E-7977) को अवैध खनन के आरोप में जब्त कर पुलिस चौकी रणजीतपुर में खड़ा किया गया था। इसके बाद 15 मई 2025 को न्यायालय, बिलासपुर से वाहन को छुड़वाने के आदेश प्राप्त हुए।
आदेश मिलने के बाद जब शिकायतकर्ता गाड़ी लेने पुलिस चौकी पहुंचा, तो वहां तैनात मुंशी लोकेश ने वाहन रिलीज करने के बदले होमगार्ड सुमीत के माध्यम से 10,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत सही पाए जाने पर ACB ने जाल बिछाया और सुमीत को रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
ACB की कार्रवाई
ACB पंचकूला द्वारा की गई कार्रवाई में यह साफ हुआ कि लोक सेवकों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। मामले में अभी मुख्य साजिशकर्ता सिपाही लोकेश फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के इस मामले ने जिले में हलचल मचा दी है और पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े किए हैं।







