रोहतक (अंकुर कपूर): मंत्री संदीप सिंह पर कार्रवाई को लेकर जहां राजनीतिक दल व सामाजिक संगठन जगह-जगह पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। अब वहीं खेलों में अपना भविष्य तलाश कर रहे खिलाड़ी भी उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। रोहतक में भी इन खिलाड़ियों ने प्रदर्शन कर उनकी गिरफ्तारी की मांग करते हुए यौन शोषण की पीड़िता खिलाड़ी को न्याय दिलाने की बात कही है। इन खिलाड़ियों ने जाट कॉलेज से लेकर के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय तक मंत्री संदीप सिंह व हरियाणा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
युवा खिलाड़ियों का कहना है कि अगर किसी सामान्य व्यक्ति पर इस तरीके के आरोप लगते तो क्या उस व्यक्ति की भी गिरफ्तारी नहीं होती। जिस तरह के गंभीर आरोप पीड़िता खिलाड़ी ने लगाए हैं उसके आधार पर संदीप के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज नहीं किया गया है। सबसे पहले मंत्री संदीप सिंह की गिरफ्तारी होनी चाहिए, ताकि पीड़िता लड़की को न्याय मिल सके और अगर न्याय नहीं मिला तो खिलाड़ी कहीं भी अपनी बात उठाने से डरेंगे और खेल की तरफ युवा खिलाड़ियों का रुझान भी कम हो जाएगा। खासकर लड़कियों के मन में तो एक भय रहेगा कि कहीं उनके साथ भी इस तरह की घटना ना हो जाए।







