Kurukshetra, 17 May-कुरुक्षेत्र ज़िले के लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव बुहावी में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शिरकत की। इस आयोजन में पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सैनी ने हाथ में तिरंगा लेकर “जय हिंद” और “वंदे मातरम” के नारों के बीच कहा कि यह यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि देशभक्ति, बलिदान और राष्ट्रीय एकता की सच्ची अभिव्यक्ति है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “आज की तिरंगा यात्रा उनके साहस को सलाम है, जिन्होंने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया।”
मुख्यमंत्री ने हरियाणा की वीर भूमि को नमन करते हुए कहा कि राज्य के गांव-गांव से निकले जवान देश की रक्षा के लिए सीमाओं पर तैनात हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान एक आत्मविश्वासी और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरी है।उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 11 एयरबेस तीन घंटे में तबाह कर यह साबित कर दिया कि भारत की संप्रभुता से खिलवाड़ करना भारी पड़ता है। साथ ही सिंधु जल समझौता रद्द करने और अवांछित वीजा धारकों को वापस भेजने के प्रधानमंत्री के निर्णय को भी सैनी ने दृढ़ नेतृत्व का उदाहरण बताया।







