Home Crime गुड़गांव में दिनदहाड़े चाय-समोसा दुकानदार की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने पुलिस...

गुड़गांव में दिनदहाड़े चाय-समोसा दुकानदार की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया

162
0

गुड़गांव | फर्रूखनगर इलाके में मंगलवार को एक चाय-समोसा विक्रेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि यह हत्या एक मामूली विवाद के बाद हुई, जिसमें एक युवक ने अपने साथियों संग दुकान पर पहुंचकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। मृतक की पहचान राकेश सैनी के रूप में हुई है, जो पूर्व पार्षद मुकेश उर्फ मुर्कीवाला का पोता था।

परिजनों का आरोप है कि घटना की जड़ सोमवार शाम को हुए एक विवाद में है, जब इस्माइलपुर निवासी पंकज नामक युवक से समोसे को लेकर बहस हो गई थी। बताया जा रहा है कि पंकज ने समोसे की प्लेट हाथ में न दिए जाने पर नाराजगी जताई, जिससे झगड़ा बढ़ गया। इसके बाद राकेश ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया।

मंगलवार सुबह, जब राकेश सैनी अपनी दुकान पर था, तो पंकज अपने साथियों के साथ बाइक पर आया और उस पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।

व्यापारियों और ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन

हत्या की खबर फैलते ही इलाके के दुकानदारों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने फर्रूखनगर-झज्जर रोड को जाम कर दिया और बाजार बंद कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी संदीप, एसआई कुंदन, एक महिला एएसआई और एक हैड कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही एसीपी पटौदी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी तथा लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम को हटाया गया।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एफआईआर दर्ज कर ली गई है। डीसीपी मानेसर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा और थाना स्तर की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और दोषी पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here