झज्जर | झज्जर जिले के गांव धांधलान में सोशल मीडिया पर ‘सपाटे किंग’ के नाम से मशहूर राहुल धांधलानिया के घर पर बाइक सवार दो युवकों द्वारा की गई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है, जबकि दूसरे को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
छत पर टहल रहे थे, तभी हुई फायरिंग
एसीपी अनिल कुमार ने बताया कि यह घटना शनिवार रात की है जब राहुल के भाई रिंकु घर की छत पर टहल रहे थे। उसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके घर के बाहर रुके और कथित रूप से जबरन घर में दाखिल हो गए। युवकों ने घर के अंदर घुसकर राहुल को आवाज दी और धमकी दी कि “आज तुझे सबक सिखाने आए हैं।”
रिंकु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब उन्होंने युवकों का सामना किया तो उनमें से एक ने खुद को अभिषेक पूनिया बताया और कहा कि वह खरक पूनिया गांव का रहने वाला है। दोनों ने आरोप लगाया कि राहुल सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ बयान देता है, जिसके चलते वे नाराज हैं।
हथियार लहराते हुए दी धमकी
रिंकु के अनुसार, दोनों युवक हथियार लहराते हुए यह भी बोले कि वे पूरे परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। धमकी देने के बाद दोनों आरोपी डीघल की ओर भाग गए। पूरा मामला डीघल चौकी क्षेत्र का है।
सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं राहुल और उनकी पत्नी
राहुल धांधलानिया सोशल मीडिया पर फिटनेस और देसी जीवनशैली से जुड़ी वीडियो बनाते हैं। उन्होंने पारंपरिक भोजन, मेहनत और देहाती जीवन को लेकर युवाओं को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है। उनकी पत्नी सोनिका भी सोशल मीडिया पर ब्लॉगिंग करती हैं और “बाबे की दया तै'” जैसी पंक्तियों से लोकप्रिय हैं।
पुलिस ने बरामद किए हथियार और मोबाइल
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक चला हुआ कारतूस, एक नकली पिस्तौल, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है। गिरफ्तार किए गए अभिषेक, निवासी हिसार को पुलिस रिमांड पर लिया गया है जबकि रवीश, निवासी जींद को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह भी देखा जा रहा है कि किसी अन्य व्यक्ति की इसमें संलिप्तता है या नहीं।







