गुड़गांव। भारत-पाकिस्तान सीमा पर हाल ही में बनी शांति के बावजूद गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है। रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) संयुक्त रूप से यात्रियों और उनके सामान की सघन जांच में जुटे हुए हैं। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हर यात्री की निगरानी की जा रही है और संदेह होने पर तत्काल तलाशी ली जा रही है। स्टेशन परिसर में CCTV कैमरों की मदद से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके लिए जीआरपी थाने में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान सीमा पर दो दिन से हालात शांतिपूर्ण बने हुए हैं। इसके बावजूद रेलवे स्टेशन की सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी गई है। जब सीमा पर तनाव था, तब जम्मू और राजस्थान की ओर जाने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही थीं, जिसका असर देशभर की अन्य ट्रेनों पर भी पड़ा। अब स्थिति सामान्य होते ही रेल यातायात भी पटरी पर लौट आया है।
आरपीएफ जवान ट्रेनों के भीतर गहन जांच कर रहे हैं, जबकि जीआरपी स्टेशन परिसर में चौकसी बनाए हुए है। स्टेशन प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और हर संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।







