चंडीगढ़ | भारत-पाकिस्तान के बीच जारी संघर्ष विराम के बीच शनिवार रात देश के कई हिस्सों में संदिग्ध ड्रोन देखे जाने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ाते हुए हरियाणा के विभिन्न जिलों में एहतियातन ब्लैकआउट के आदेश जारी किए।
पानीपत, यमुनानगर, पंचकूला, करनाल, हिसार और भिवानी में रात के समय बिजली आपूर्ति रोक दी गई, जिससे इन जिलों में पूरी रात अंधेरा छाया रहा। सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया।
हिसार डीसी का संदेश:
हिसार के उपायुक्त अनीश यादव ने शाम को एक संदेश जारी करते हुए कहा, “शनिवार रात को जिले में पूर्ण ब्लैकआउट रहेगा। यह एक एहतियाती कदम है, घबराने की आवश्यकता नहीं है। नागरिक केवल रोशनी से जुड़ी चीजें बंद करें। पंखे, कूलर और एसी चलाने पर कोई रोक नहीं है।”
सायरन और चेतावनी जारी:
ड्रोन गतिविधियों की सूचना के बाद कई जगहों पर सायरन बजाकर नागरिकों को घरों में ही रहने की हिदायत दी गई। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति काटी गई, जिससे असुविधा तो हुई लेकिन सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।
स्थिति पर नजर रखे हुए हैं एजेंसियां:
सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है और जरूरत पड़ने पर आगे भी ऐसे निर्णय लिए जा सकते हैं।







