अंबाला | हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 22 से 24 जनवरी तक बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अंबाला , पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और सिरसा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
बारिश और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि बीते 24 घंटों में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिनों में तापमान में कमी देखने को मिलेगी।
प्रदेश में पलवल सबसे गर्म जिला रहा, जबकि रात के तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे कम तापमान सोनीपत में 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि हिसार सहित कई जिलों में कड़ाके की ठंड का असर बना रहा।
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए फसलों और खुले स्थानों में सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।







