चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिससे गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज जिन जिलों में बारिश की संभावना है उनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात शामिल हैं। इन क्षेत्रों में आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
आने वाले दिनों में भी कुछ जिलों में मौसम सक्रिय रहने के संकेत हैं। 12 मई को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश हो सकती है, जबकि बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसी तरह 13 मई को भी इन तीन जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
उधर, बीते दिनों हरियाणा के कई इलाकों में हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम के इस बदलाव से दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है।







