चरखी दादरी | भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच देशभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसी क्रम में सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियाँ रद्द कर दी गई हैं और सुरक्षा बलों के जवानों को तत्काल ड्यूटी पर वापस बुलाया जा रहा है।
चरखी दादरी के गांव मैहड़ा निवासी सीआरपीएफ जवान सुकेंद्र को अचानक मुख्यालय से संदेश मिला कि उनकी छुट्टी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है और उन्हें तुरंत ड्यूटी जॉइन करनी होगी। सुकेंद्र इन दिनों जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के यारीपोरा में तैनात हैं। ताऊ के निधन के बाद वे कुछ दिन के लिए गांव आए थे, लेकिन तनावपूर्ण हालात के चलते उन्हें अचानक वापस लौटना पड़ा।
ड्यूटी पर रवाना होने से ठीक पहले जब सुकेंद्र ने माता-पिता और पत्नी मोनिका को अपनी वापसी की जानकारी दी, तो घर का माहौल भावुक हो गया। लेकिन देश सेवा के जज्बे के साथ परिवार ने उन्हें मुस्कुराते हुए विदा किया। विदाई के समय पत्नी मोनिका के शब्दों ने भावनाओं को और भी गहरा बना दिया। उन्होंने कहा:
“हमारे नाम का भी एक आतंकी मारना… और ये जंग जीत कर आना!”
देश की सुरक्षा में तैनात हर जवान की तरह, सुकेंद्र भी पूरे साहस और समर्पण के साथ एक बार फिर अपनी ड्यूटी पर लौट गए।







