चरखी दादरी | दादरी के गांव बेरला में एक पूर्व सैनिक ने अपने खेत में दुनाली बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए दादरी के सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक सुनील के बेटे मोहित ने पुलिस को बताया कि उसके पिता, जो कई साल पहले सेना से रिटायर्ड हुए थे, उनके पास शस्त्र लाइसेंस था। दो दिन पहले वे खेत के लिए घर से निकले थे। शुक्रवार शाम को खेत के पड़ोसी ने उन्हें फोन पर सूचना दी, जिसके बाद मोहित खेत पहुंचा और वहां अपने पिता को मृत पाया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर एफएसएल टीम से जांच कराई। जानकारी के मुताबिक, सुनील राजस्थान के गंगानगर में एक ज्वैलरी शॉप के पास गार्ड की प्राइवेट नौकरी कर रहे थे। पुलिस जांच अधिकारी एएसआई ओमबीर ने बताया कि सुनील ने दुनाली बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या की है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।







