चंडीगढ़ | हरियाणा में गर्मी के मौसम में बिजली कनेक्शन के इंतजार में बैठे लोगों को बड़ा झटका लग सकता है। राज्य के दोनों प्रमुख बिजली वितरण निगमों — दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHVBN) और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) — के पास कुल 1,54,708 बिजली कनेक्शन के आवेदन लंबित हैं।
DHVBN के क्षेत्र में सबसे अधिक 96,755 आवेदन पेंडिंग हैं, जिनमें से 95,714 केवल कृषि पंप कनेक्शनों के हैं। वहीं UHBVN के क्षेत्र में 57,953 लोग बिजली कनेक्शन मिलने का इंतजार कर रहे हैं, जिनमें 46,591 किसान शामिल हैं।
घरेलू उपभोक्ताओं की बात करें तो UHBVN ने 7,977 घरेलू कनेक्शन भी अब तक जारी नहीं किए हैं। इस देरी को लेकर हरियाणा इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (HERC) ने चिंता जताते हुए डिस्कॉम्स को निर्देश दिए हैं कि समयसीमा के भीतर सभी लंबित कनेक्शन जारी किए जाएं। आयोग ने यह भी कहा है कि समय पर कनेक्शन जारी करने से उपभोक्ता संतुष्ट होंगे और बिजली बिक्री से निगमों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
स्मार्ट मीटर प्रोजेक्ट की रफ्तार धीमी, 10 जिलों में काम अधूरा
राज्य में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना भी अपेक्षा के अनुरूप प्रगति नहीं कर रही है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नारनौल, रेवाड़ी, हिसार, भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद और जींद जैसे 10 जिलों में अब भी स्मार्ट मीटर प्रोजेक्ट पूरी तरह लागू नहीं हो पाया है।
DHVBN ने इन जिलों में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए अगले 30 महीनों का समय मांगा है। योजना को दो चरणों में पूरा किया जाना है — पहला चरण दिसंबर 2025 और दूसरा दिसंबर 2026 तक।
प्रदेश में इस समय 58,476 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनके मीटर खराब हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में UHBVN ने 72,683 और DHVBN ने 89,889 खराब मीटर बदले हैं।







