पलवल | ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट ने एक और भारतीय सपूत की जान ले ली। जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की ओर से की गई गोलीबारी में पलवल जिले के मोहम्मदपुर गांव के लांस नायक दिनेश (32) शहीद हो गए। दिनेश की तैनाती इन दिनों पुंछ में थी। पाकिस्तान की ओर से बुधवार सुबह की गई फायरिंग के दौरान दिनेश अपने साथियों के साथ जवाबी कार्रवाई कर रहे थे, जब एक बम उनके पास आकर फटा। धमाके में वह और उनके चार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान दिनेश ने दम तोड़ दिया।
शहीद के परिवार को सेना द्वारा सुबह ही सूचना दे दी गई थी। आज दिनेश की पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव लाया जाएगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दिनेश वर्ष 2014 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उनकी पत्नी सीमा पेशे से वकील हैं और दो बच्चों की मां हैं। फिलहाल वे गर्भवती भी हैं। परिवार और गांव में शोक की लहर है, लेकिन सभी को बेटे की शहादत पर गर्व भी है।







