ढांड | कैथल जिले के चंदलाना गांव के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों युवक झज्जर के धुलेड़ा गांव से अंबाला के बटेड़ी गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए अर्टिगा कार से निकले थे।
सुबह करीब 9 बजे जब वे नैशनल हाईवे 152-डी पर टोल प्लाजा के पास पहुंचे, तभी आगे चल रहा एक ट्रक अचानक हल्के वाहनों की लेन में आ गया। अनियंत्रित कार ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही ढांड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों व मृतकों को सिविल अस्पताल कैथल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अजय (20) और रौनक (21) को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य युवकों को गंभीर हालत में PGI रोहतक रेफर किया गया है।
जांच अधिकारी बलजोर सिंह के अनुसार, मृतक अजय के पिता विकास की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।







