पानीपत | पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा किए गए ऑपरेशन ‘सिंदूर’ को लेकर हरियाणा के पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना जानती है कि ईंट का जवाब पत्थर से कैसे देना है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने सेना की कार्रवाई को देश के लिए गौरव का क्षण बताया।
मंत्री पंवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत पूरी सुरक्षा टीम को ऑपरेशन सिंदूर के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि भारतीय सेना ने आतंकियों के 9 ठिकानों को तबाह कर एक स्पष्ट संदेश दिया है।
उन्होंने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सख्त निर्णय लेते हुए पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारियों और वीजा पर आए पाक नागरिकों को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया था। साथ ही सिंधु जल समझौते को भी तोड़कर पाकिस्तान को सबक सिखाया गया है।
पंचायत मंत्री ने पाकिस्तान की धमकियों को ‘गीदड़ भभकी’ करार देते हुए कहा कि भारत अब कमजोर नहीं है। हमारी सेना और सरकार पूरी तरह से सक्षम हैं, और पाकिस्तान भारत के सामने टिक नहीं पाएगा। हरियाणा और पंजाब में हाई अलर्ट को लेकर उन्होंने जनता से अपील की कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें।







