Home Crime हरियाणा: मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूर्व विधायक धर्म सिंह छोक्कर गिरफ्तार, गिरफ्तारी...

हरियाणा: मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूर्व विधायक धर्म सिंह छोक्कर गिरफ्तार, गिरफ्तारी का वीडियो वायरल

193
0

चंडीगढ़ | प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हरियाणा के पूर्व कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छोक्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के समय वह ईडी अधिकारियों को देख मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन टीम ने उन्हें दौड़कर पकड़ लिया। इस दौरान थोड़ी झड़प भी हुई और पूर्व विधायक जमीन पर गिर गए। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह उठने से इनकार कर रहे थे, जिस पर ईडी अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें खड़ा कर वाहन में बैठाया।

1500 करोड़ के घोटाले का आरोप

पूर्व विधायक धर्म सिंह छोक्कर और उनकी कंपनी पर आरोप है कि उन्होंने दीनदयाल आवास योजना के तहत लगभग ₹1500 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग की। ईडी इस मामले में लंबे समय से जांच कर रही थी। अब उनकी गिरफ्तारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ईडी टीम और छोक्कर के बीच तीखी नोकझोंक भी देखी जा सकती है। इस दौरान उनकी शर्ट भी फट गई।

कौन हैं धर्म सिंह छोक्कर?

धर्म सिंह छोक्कर ने अपने करियर की शुरुआत पुलिस सेवा से की थी। उनके बड़े भाई इंदर सिंह छोक्कर ने भी पुलिस सेवा छोड़ राजनीति में कदम रखा था और समालखा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते रहे। इंदर सिंह के निधन के बाद धर्म सिंह ने 2008 में राजनीति में प्रवेश किया और भाई की विरासत को आगे बढ़ाया।

  • धर्म सिंह पहली बार हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) के टिकट पर विधायक बने थे।
  • बाद में कांग्रेस में शामिल हुए और 2014 में कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए।
  • वर्ष 2019 में उन्होंने वापसी की और भाजपा उम्मीदवार शशिकांत कौशिक को हराकर दूसरी बार समालखा से विधायक चुने गए।

फिलहाल, ईडी ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here