चंडीगढ़ | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने 10वीं और 12वीं कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम की संभावित तिथियों की घोषणा कर दी है। बोर्ड सचिव डॉ. मुनीष नागपाल के अनुसार, 12वीं कक्षा का परिणाम 12 मई को जबकि 10वीं कक्षा का परिणाम 15 मई को जारी किया जा सकता है। इस दिशा में बोर्ड ने अपनी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं।
बोर्ड सचिव ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब परिणाम जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
इसके साथ ही, बोर्ड द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट के आधार पर 10वीं कक्षा के छात्रों को गणित विषय में 10 ग्रेस मार्क्स देने का निर्णय लिया गया है। यह फैसला उन छात्रों के लिए राहत लेकर आया है, जिन्होंने गणित में कठिनाई का सामना किया था।
बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि परीक्षाओं के निष्पक्ष मूल्यांकन और समय पर परिणाम जारी करने को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि छात्र बिना किसी विलंब के आगे की पढ़ाई या प्रवेश प्रक्रियाओं में हिस्सा ले सकें।







