करनाल | हरियाणा के करनाल जिले में एक झगड़े के मामले में नाम हटवाने की एवज में रिश्वत मांगने वाले पुलिसकर्मी को एंटी करप्शन ब्यूरो ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी एएसआई कुलबीर सिंह को गिरफ्तार कर एसीबी टीम अपने साथ ले गई है और उससे पूछताछ जारी है कि उसने यह रकम स्वयं के लिए मांगी थी या किसी और के कहने पर।
जानकारी के अनुसार, करनाल के प्रणामी मंदिर के पास कुछ समय पूर्व दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। मामले की जांच मॉडल टाउन पुलिस चौकी में तैनात एएसआई कुलबीर सिंह को सौंपी गई थी। आरोप है कि एएसआई ने आरोपी पक्ष के 2-3 लोगों के नाम केस से हटाने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी।
प्रभावित पक्ष ने इस संबंध में करनाल स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी। एसीबी टीम ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की योजना बनाई। नोटों पर केमिकल पाउडर लगाकर शिकायतकर्ता को सौंपा गया। सोमवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे एएसआई ने शिकायतकर्ता को कोर्ट की पार्किंग में बुलाया। जैसे ही उसने नोट लिए, पहले से तैयार एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। फिलहाल एएसआई से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।







