Home Haryana चरखी दादरी का सपूत देश के लिए शहीद, आज होगा अंतिम संस्कार

चरखी दादरी का सपूत देश के लिए शहीद, आज होगा अंतिम संस्कार

149
0

चरखी दादरी | हरियाणा के चरखी दादरी जिले के सारंगपुर गांव का जवान अमित सांगवान जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गया। उनका पार्थिव शरीर सोमवार को उनके पैतृक गांव लाया जाएगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

शहीद अमित सांगवान की उम्र 23 से 24 वर्ष के बीच थी और वे करीब डेढ़ साल पहले भारतीय सेना में बतौर ड्राइवर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पंजाब के पठानकोट में थी। रविवार को ड्यूटी के सिलसिले में वे अपने साथी जवानों के साथ जम्मू-कश्मीर की ओर रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में बड़ा हादसा हो गया।

दरअसल, 4 मई को जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के बैटरी चश्मा क्षेत्र में सेना का एक वाहन 600 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में तीन जवान—अमित सांगवान, सुजीत कुमार और मन बहादुर—शहीद हो गए। बताया जा रहा है कि यह वाहन जम्मू से श्रीनगर जा रहे सैन्य काफिले का हिस्सा था। करीब साढ़े 11 बजे नेशनल हाईवे-44 पर ड्राइवर का वाहन पर नियंत्रण छूट गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।

रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें जुटी रहीं। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

अमित एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता राजेश सांगवान का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है, जबकि दादा आजाद सिंह सांगवान भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और अब खेती-किसानी करते हैं। अमित की हाल ही में सगाई हुई थी और परिवार इस वर्ष के अंत में उनकी शादी की तैयारियों में जुटा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here