Home Crime दहेज प्रताड़ना का आरोप: झज्जर की महिला ने की आत्महत्या, पति समेत...

दहेज प्रताड़ना का आरोप: झज्जर की महिला ने की आत्महत्या, पति समेत तीन पर केस दर्ज

142
0

चरखी दादरी | झज्जर जिले के गांव खानपुर में एक महिला ने रविवार को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतका के पति सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

2019 में हुई थी शादी, मृतका एक बेटे की मां थी

मृतक महिला की पहचान 26 वर्षीय अनिका के रूप में हुई है, जो रोहतक जिले के गांव बोहर की निवासी थी। जनवरी 2019 में उसकी शादी झज्जर जिले के गांव खानपुर के निवासी प्रदीप से हुई थी। प्रदीप झाड़ली क्षेत्र में एक निजी कंपनी में कार्यरत है।

रविवार को अनिका ने ससुराल में जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसके बाद उसे दादरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल भेजा।

मायके पक्ष का आरोप: दहेज के लिए लगातार हो रही थी प्रताड़ना

मृतका के पिता मंजीत ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही दहेज को लेकर ससुराल वालों द्वारा परेशान किया जाता था। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदीप अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था और सास-ससुर भी उसका समर्थन करते थे। मंजीत का कहना है कि उनकी बेटी पांच दिन पहले ही ससुराल जाने से कतरा रही थी और वहां फिर से मारपीट होने की आशंका जाहिर कर रही थी।

पुलिस जांच जारी, ससुराल वालों पर लापरवाही का भी आरोप

मायके पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि जहरीला पदार्थ निगलने के तीन घंटे बाद ही अनिका को अस्पताल ले जाया गया और वहां भी उसे अकेला छोड़ दिया गया। अनिका एक साढ़े तीन साल के बेटे की मां थी।

झाड़ली पुलिस चौकी के जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मंजीत के बयान पर कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, ससुर और सास के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here