यमुनानगर | जिले में सोमवार को हुई महज एक घंटे की तेज बारिश ने प्रशासन के दावों की पोल खोल दी। शादीपुर गांव के पास जठलाना-खजूरी रोड पूरी तरह जलमग्न हो गई, जहां तीन फीट तक पानी भर गया। सड़क दरिया में तब्दील हो गई, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद सड़क पर इतना पानी भर गया कि स्कूल के बच्चों को राहगीरों ने गोद में उठाकर पार कराया। वहीं, दुकानदारों को भी हजारों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा। स्थानीय दुकानदार इस्लाम ने बताया कि बारिश के पानी में उसका चारा भीगकर खराब हो गया। उन्होंने कहा, “इससे पहले भी बारिश में चारा खराब हुआ था, जिसे गौशाला में देना पड़ा। अब फिर से नुकसान झेलना पड़ रहा है।”
नगर निगम के नालों की सफाई को लेकर किए गए प्रशासनिक दावे भी फेल हो गए। स्थानीय निवासी भारत भूषण, जो खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताते हैं, ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “मैंने चुनाव के दौरान भाजपा विधायक को इस इलाके से वोट दिलवाए थे, लेकिन बदले में क्षेत्र की स्थिति नहीं सुधरी।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सीवरेज और नालों की सफाई कर दी जाती, तो इस तरह की परेशानी नहीं आती। अब जबकि मानसून अभी शुरू भी नहीं हुआ है, महज एक घंटे की बारिश ने हालात बदतर कर दिए हैं। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि असली मानसून में यमुनानगर के हालात कैसे होंगे।






